जैकी चैन के मनोरंजक सिने संसार में प्रवेश करने का कार्य इस फ़िल्म के माध्यम से पूरा किया जा सकता है| इस फ़िल्म में कई फिल्मों को देखने का आनंद प्राप्त होता है|
इसमें स्पाई फिल्मों की रहस्यमय दुनिया है, साजिशें हैं, एक्शन है, नायक संग किये जाने वाले बड़े बड़े धोखें हैं, और हर तरह की विपरीत स्थिति में भी अपनी बुद्धिमत्ता से सुयोग्य त्वरित प्रतिक्रियाएं दिखाते हुए नायक की हर हाल में बच निकलने और जीने की जिजीविषा है|
जैकी चैन के चेहरे पर सदैव छाया हुआ एक भोलापन उन्हें ऐसी एक्शन-कॉमेडी ड्रामा फ़िल्म में बेहद प्रभावशाली नायक बना पाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाता है| इसी भोलेपन के कारण परदे पर बेहद कठिन परिस्थितियों में फंसा होने के बावजूद उनके द्वारा निभाये गए नायक के एक्शन और स्टंट से कॉमेडी की विश्वसनीय बरसात होती है जिसमें भीगना दर्शक को भाता है| वे विदूषक या जोकर या एक कॉमेडियन की भांति कॉमेडी करने का प्रयास नहीं करते बल्कि जैकी चैन के गंभीर एक्शन से ही कॉमेडी भी जन्म जाती है, और यह उनकी अद्वितीय सिनेमाई प्रतिभा है|
इस फ़िल्म में वे सीआइए के एजेंट के तौर पर दक्षिण अफ्रीका में किसी मिशन पर हैं जिसके बारे में उन्हें ज्यादा नहीं पता| एक ही ख़ुफ़िया संगठन में अच्छे और बुरे दोनों तरह के एजेंट्स हो सकते हैं और बुरों में से पैसे के लिए खलनायकों के निजी काम करने वाले भी हो सकते हैं|
ऐसे ही बुरे एजेंटों के धोखे के कारण नायक के सभी साथी मारे जाते हैं और वह घायल होकर एक कबीले के हाथ लग जाता है जो उसकी सेवा करके उसकी जान बचाते हैं, नायक अपनी याददाश्त खो जाता है (जवान का ऐसा भाग किस सन्दर्भ से उत्पन्न हुआ होगा इसके क्लू यहाँ मिलेंगे)| कबीला अंगरेजी नहीं जानता और नायक के पूछने पर Who am I, कबीले के लोग ध्वनि से यही समझते हैं कि इस बाहरे व्यक्ति का नाम ही Who am I है|
अब लड़ाई अपनी याददाश्त खोये हुए एक सीक्रेट एजेंट और उन लोगों के बीच है जो उसके मिशन की नाकामयाबी के पीछे थे| जैसे जैसे फ़िल्म आगे बढ़ती है और वह अपनी पहचान पाने की कोशिश करता जाता है उसे और बड़े बड़े धोखों का सामना करना पड़ता है|
नायक है तो सभी बुरी शक्तियों को अंत तक परास्त कर ही देगा लेकिन उसके संघर्ष के यात्रा बेहद रोचक, रोमांचक और भरपूर एक्शन से भरी है|
जैकी चैन के एक्शन से दर्शक के दिमाग के नसों में हिंसा नहीं घुसती केवल एक तनाव भर उत्पन्न होता है जो कि परदे पर एक्शन के साथ बिखर रही कॉमेडी के कारण दूर भी होता जाता है|
फ़िल्म में एक ऊँची बिल्डिंग की छत पर मार्शल आर्ट के दो खूंखार लड़ाकों से जैकी चैन की लड़ाई दर्शक सालों तक नहीं भूलता और जैकी चैन के बाकी एक्शन सीन्स भी दर्शनीय और भुलाए ना जा सकने वाले हैं|
तेज गति से चलती फ़िल्म भरपूर मनोरंजन देती है|
…[राकेश]
Discover more from Cine Manthan
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Leave a comment