कोई साथ नहीं जाता है !

साथ जियेंगे साथ मरेंगे
झूठा एक दिलासा है
नश्वरता के शिलालेख की
शाश्वत अनगढ़ भाषा है

वापस लौट कौन आता है !

पलक झपकते भूली दुनिया
रीति यही तो उसकी है
पल भर रुककर सबने सोचा
डोली रक्खी सबकी है

जो आया है वह जाता है !

काल खंड जब बीत गए सब
उम्र अचानक ठहर गई
मिटा अंधेरा तब मन माना
उजियारे की सहर गई

काल समझ में तब आता है !

चार कहार मिलेंगे सबको
जानें हों पहचाने हों
कोई फर्क कहां पड़ता है
कितने भी अफ़साने हों

रद्दी कागज़ गल जाता है !
कोई साथ नहीं जाता है !

~ कृष्ण बिहारी

© Krishna Bihari


Discover more from Cine Manthan

Subscribe to get the latest posts sent to your email.