विस्मृतियों की छांह न होती
तो जीना दूभर हो जाता
कौन किसे जीता है हरदम
याद भी होती जाती कम-कम
जीवन पल-पल बदला करता
स्थायी कब रहा है मौसम
भूलना मुश्किल होता तो
मरना भी दुष्कर हो जाता
विस्मृतियों की छांह न होती …
अपने ही तो बिछड़ गए हैं
जिन यादों में जकड़ गए हैं
अगर न निकले होते उनसे
लगता मर कर अकड़ गए हैं
अजर अमर जब सब रहते
रिश्ता तब कमतर हो जाता
विस्मृतियों की छांह न होती..
चेहरे सब धूमिल होकर
रंगो-आब चमक को खोकर
दबे हुए परतों के नीचे
कौन उठाए उनको ढोकर
बोझ अगर बढ़ता जाता
कद कितना बदतर हो जाता
विस्मृतियों की छांह न होती …
~ (कृष्ण बिहारी)
© Krishna Bihari
Discover more from Cine Manthan
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Leave a Reply